विद्यालय में हाजिरी बनाकर निजी कार्य करने और स्थानीय राजनीति में संलिप्त शिक्षकों पर होगी विभागीय कार्रवाई, BEO को औचक निरीक्षण का निर्देश।

बेतिया (पश्चिम चंपारण) सत्यम ग्राम न्यूज़। पश्चिम चंपारण जिले में विद्यालयों में हाजिरी दर्ज कराकर गायब होने वाले तथा स्थानीय राजनीति में सक्रिय शिक्षकों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) राजन कुमार ने कार्यालय आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि ऐसे शिक्षकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सीधे निलंबन एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी को लगातार मिल रही शिकायतों में यह सामने आया था कि कुछ शिक्षक, शिक्षिकाएं, प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक विद्यालय में सुबह उपस्थिति दर्ज कराने के बाद निजी कार्यों के लिए घर चले जाते हैं। वहीं कुछ शिक्षक स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होकर विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित कर रहे हैं।
DEO ने बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा है कि हाजिरी बनाकर विद्यालय से अनुपस्थित रहना विभाग के साथ धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आदेश के अनुसार, ऐसे मामलों में संबंधित शिक्षक को तत्काल निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी। साथ ही विद्यालय में राजनीति करने वाले शिक्षकों को भी चिन्हित कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (BEO) को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का नियमित औचक निरीक्षण करने तथा साक्ष्यों के साथ विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि दोषी शिक्षकों के विरुद्ध समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण द्वारा ज्ञापांक 802 के तहत जारी इस आदेश की प्रति जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों, प्रधानाध्यापकों एवं सभी कोटि के शिक्षकों को आवश्यक अनुपालन के लिए भेज दी गई है।
#WestChamparan #Bettiah #EducationDepartment #DEO #TeacherAttendance #SchoolInspection #BiharEducation #TeacherSuspension #EducationNews #SatyamGramNews
यह भी पढ़े…
भेरौखड़ा: राशन कार्ड से वंचित परिवार शीघ्र करें आवेदन-उप मुखिया
https://satyamgramnews.in/बड़ी-ख़बर-भेरौखड़ा-पंचाय/07/2026/21/09/46/21/sgnnpatepur3/
Author: AKHILESH KUMAR
Editor in Chief