अवैध खनन और ओवरलोडिंग की शिकायत मिलने पर नपेंगें पदाधिकारी…
खनन टास्क फोर्स की बैठक….
वैशाली / हाजीपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री यशपाल मीणा ने सोमवार को को अवैध खनन, ओवरलोडिंग तथा परिवहन से संबंधित खनन टास्क फोर्स की बैठक करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को चेतावनी दी है की अगर उनके संज्ञान में कोई भी शिकायत आती है तो पदाधिकारी दंडित किये जायेगे। उन्होंने ने खनन पदाधिकारी को निदेश दिया कि वे नियमित अंतराल पर चेकिंग करें। गंडक से निकलने वाले रास्ते में लोहे का ड्रॉप गेट लगाये ताकि अवैध ढंग से रात में ट्रेक्टर की आवाजाही रूक सके। उन्होंने सभी एसडीएम, एसडीपीओ को कहा कि लगातार रेड करें।
जिला खनन पदाधिकारी ने बैठक में बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में कुल 3348 छापेमारियों हुई और 60 प्राथमिकी दर्ज किये गये। इनमें से 12 पर चार्जशीट हुआ। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा नाराजगी दर्ज करते हुए कहा गया कि यह वर्क परफार्मेस गैर जिम्मेदाराना है। बैठक में स्पेशल पीपी के नहीं बुलाये जाने पर नाराजगी व्यक्त की गयी।
बैठक में उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, हाजीपुर के पास मद्यनिषेध में पकड़े गये 143 वाहन के मामले अभी तक लंबित है। इस पर भी जिला पदाधिकारी के द्वारा क्षोभ प्रकट किया गया और भूमि सुधार उप समाहर्त्ता हाजीपुर को निदेश दिया गया कि इसका त्वरित निष्पादन करें। उन्होंने उत्पाद निरीक्षक को निदेश दिया कि जिन पदाधिकारियों का स्थांतरण हो गया है, उनकी जगह नये पदाधिकारी को डप्यूट करते हुए प्रस्ताव शीघ्र उपस्थापित करें। जब्त शराब के विनष्टीकरण के लिए जितने मामले पुलिस के पास लंबित हैं, एक-एक मामले की समीक्षा करते हुए शीघ्र निष्पादित करें।
भूमि सुधार प्रभारी को निदेश दिया गया कि सबसे पुराने मामले भूमि विवाद को देखें और थाने पर जा कर जमीन विवाद का रजिस्टर चेक करें।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी, हाजीपुर और महनार के अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण संगठन हाजीपुर मौजूद थे।
Author: AKHILESH KUMAR
Editor in Chief