बड़ी खेप में विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

 

सत्यम ग्राम न्यूज़,राजापाकर, आकाशचंद्र वर्मा। शराब माफियाओं पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बरांटी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एनएच-322 पर वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से 874.800 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। साथ ही शराब तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को बरांटी थाना पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग-322 पर वाहन जांच कर रही थी। इसी क्रम में एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में भारी मात्रा में विदेशी शराब लदी पाई गई। पुलिस ने मौके से वाहन के साथ तस्कर राकेश कुमार, पिता शत्रुघ्न पासवान, निवासी—सरायरंजन थाना क्षेत्र, जिला समस्तीपुर को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना कांड संख्या 427/25, दिनांक 22.07.2025, धारा 30 (ए) बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण व शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सघन वाहन जांच और निगरानी के कारण लगातार तस्करों पर कार्रवाई हो रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

AKASH CHANDRA VERMA
Author: AKASH CHANDRA VERMA

ब्यूरो चीफ, वैशाली