
19 जनवरी से हर सोमवार और शुक्रवार को बिजली कार्यालयों में उपभोक्ता शिकायतों की सुनवाई।
पटना,सत्यम ग्राम न्यूज़ : सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ (ईज ऑफ लीविंग) के तहत बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। ऊर्जा सचिव सह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार सिंह के निर्देश पर 19 जनवरी से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को सभी बिजली कार्यालयों में उपभोक्ताओं की शिकायतों की अनिवार्य सुनवाई की जाएगी।
इस संबंध में ऊर्जा सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी आपूर्ति अंचल कार्यालयों के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिया कि वे तय दिनों में अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। निर्देशानुसार, सोमवार को दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक तथा शुक्रवार को दोपहर 3:00 बजे से 4:30 बजे तक अंचल, प्रमंडल, अवर प्रमंडल एवं सेक्शन कार्यालयों में शिकायतों की सुनवाई होगी।
इस दौरान विद्युत कार्यपालक अभियंता अपने डिवीजन कार्यालय में, सहायक विद्युत अभियंता सब-डिवीजन में तथा कनीय अभियंता सेक्शन कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। विद्युत कार्यपालक अभियंता महुआ ने बताया कि उपभोक्ता अपनी बिजली से संबंधित समस्याओं को लेकर सीधे अधिकारियों से मिल सकेंगे, जिससे शिकायतों का समयबद्ध समाधान संभव होगा।
ऊर्जा सचिव श्री मनोज कुमार सिंह ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे उपभोक्ताओं से शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करें तथा उनकी शिकायतों का पंजीकरण कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही, सभी कार्यालयों में उपभोक्ताओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
यह पहल उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी और उनके दैनिक जीवन को आसान बनाएगी। सात निश्चय-3 के तहत बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#बिजलीउपभोक्ता #शिकायतनिवारण #सातनिश्चय3 #सबकासम्मान #जीवनआसान #ऊर्जाविभाग #बिहार #पावरसप्लाई #जनसुनवाई
Author: AKHILESH KUMAR
Editor in Chief