तीन वर्षों की जनसेवा को मिला सम्मान, नए अनुमंडल पदाधिकारी से जनता को नई उम्मीदें

महनार (वैशाली) सत्यम ग्राम न्यूज़ । महनार अनुमंडल में शुक्रवार का दिन भावनाओं से भरा रहा। लगभग तीन वर्षों तक अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के रूप में अपनी सेवाएं देने वाले नीरज सिन्हा के स्थानांतरण पर भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। वहीं, नवपदस्थापित एसडीओ अंकित कुमार का गर्मजोशी से स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
विदाई समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। समारोह के दौरान नीरज सिन्हा को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ, मालाएं एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में एक ईमानदार, संवेदनशील और जनहितैषी अधिकारी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई।
अपने कार्यकाल के दौरान नीरज सिन्हा ने जनसुनवाई को प्राथमिकता दी, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा, अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, सरकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा की तथा चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का सफल संचालन किया। पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के साथ-साथ बाढ़ एवं आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावी निगरानी में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वक्ताओं ने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने तथा प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत करने में नीरज सिन्हा का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। लोगों ने उन्हें एक कर्मठ, व्यवहारिक और जवाबदेह प्रशासनिक अधिकारी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर नवपदस्थापित एसडीओ अंकित कुमार का भी आत्मीय स्वागत किया गया। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि वे भी अपनी कार्यशैली, अनुभव और जनहित के प्रति समर्पण से महनार अनुमंडल को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे तथा जनता के बीच अपनी अलग पहचान स्थापित करेंगे।
“जो जहां रहेगा, वहीं रोशनी लुटाएगा,किसी चिराग का अपना मकां नहीं होता।”
इसी भाव के साथ महनार ने अपने लोकप्रिय अधिकारी नीरज सिन्हा को नम आंखों से विदाई दी और नए एसडीओ अंकित कुमार का नई उम्मीदों एवं विश्वास के साथ स्वागत किया।
#महनार #वैशाली #SDONeerajSinha #AnkitKumar #Farewell #Welcome #VaishaliNews #BiharNews #SatyamGramNews #प्रशासन #जनसेवा #महनार_समाचार #सत्यम_ग्राम_न्यूज़
ये भी पढ़े…
मां के सम्मान में पौधा, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प विद्यालय.
https://satyamgramnews.in/एक-पेड़-मां-के-नाम-अभियान-प/07/2026/18/15/07/05/satyamgramnewsnetwork/
मां के सम्मान में पौधा, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प — बखरी दोआ विद्यालय में गूंजा हरित संदेश”
Author: AKHILESH KUMAR
Editor in Chief