महुआ थाना की निष्क्रियता से नाराज अंचल व जनप्रतिनिधि, दो पंचायतों को राजापाकर थाना में शामिल करने की मांग

सत्यम ग्राम न्यूज़,राजापाकर, आकाशचंद्र वर्मा।राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुल 13 पंचायतों में से पांच पंचायतों को राजापाकर थाना क्षेत्र में शामिल किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने महुआ थाना द्वारा सहयोग नहीं किए जाने पर गहरा आक्रोश एवं क्षोभ व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि प्रखंड क्षेत्र की नारायणपुर बुजुर्ग एवं लगुरांव विलंदपुर पंचायत वर्तमान में महुआ थाना क्षेत्र में आती है, जबकि मीरपुर पताढ़, रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई तथा बेरई पंचायत सराय थाना क्षेत्र में पड़ती है। शेष आठ पंचायतें राजापाकर थाना क्षेत्र में आती हैं।

अंचलाधिकारी ने बताया कि अंचल कार्यालय राजापाकर में प्रत्येक शनिवार को भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन किया जाता है, जिसमें नारायणपुर बुजुर्ग एवं लगुरांव विलंदपुर पंचायत के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। शिविर के दौरान जब किसी मामले में दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न होता है, तो महुआ थाना को मोबाइल अथवा पत्र के माध्यम से कार्रवाई के लिए सूचित किया जाता है, लेकिन महुआ थाना की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। बातचीत करने पर स्टाफ की कमी व अन्य कार्यों का हवाला देकर टाल दिया जाता है, जिससे विधि-व्यवस्था बनाए रखने में भारी कठिनाई होती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि महुआ थाना अंतर्गत आने वाले इन पंचायतों में किसी भी घटना-दुर्घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंचती। हाल ही में नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत में चोरी की घटना हुई, जिसकी सूचना महुआ थाना और 112 डायल पर दी गई, लेकिन दो दिन बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है।

महुआ थाना की कार्यशैली पर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि नथुनी प्रसाद सिंह, अमरेश कुमार, पंकज कुमार, रंजन सिंहा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी नाराजगी जताई है। सभी ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि नारायणपुर बुजुर्ग एवं लगुरांव विलंदपुर पंचायत को राजापाकर थाना क्षेत्र में सम्मिलित किया जाए, ताकि आम लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके।

इस संबंध में राजापाकर थाना अध्यक्ष गौरी शंकर बैठा ने बताया कि बेलकुण्डा चौक पर बार-बार लगने वाले जाम को हटाने के लिए राजापाकर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचती है, जबकि महुआ थाना की पुलिस समय पर नहीं आ पाती। उन्होंने यह भी बताया कि भूमि विवाद निवारण शिविर में महुआ थाना के पुलिस पदाधिकारी को उपस्थित रहने के लिए पत्र भेजा जाता है, बावजूद इसके वे शिविर में नहीं पहुंचते।

#राजापाकर #महुआथाना #भूमिविवाद #विधिव्यवस्था #पंचायतसमस्या #पुलिसप्रशासन #जनप्रतिनिधि #स्थानीयसमाचार

ये भी पढ़े…

राजापाकर के राहुल बने दारोगा, प्रशिक्षण पूरा होने पर गांव में खुशी की लहर..।

https://satyamgramnews.in/राजापाकर-के-राहुल-बने-दार/12/2025/14/15/25/50/satyamgramnewsrajapakar1/

राजगीर परेड में मुख्यमंत्री के समक्ष किया मार्चपास्ट, ग्रामीणों ने दी बधाई।

AKASH CHANDRA VERMA
Author: AKASH CHANDRA VERMA

ब्यूरो चीफ, वैशाली