मुहर्रम पर शांति और सौहार्द सर्वोपरि, डीजे व धारदार हथियारों पर प्रशासन का सख्त प्रतिबंध।

महनार, वैशाली | सत्यम ग्राम न्यूज़: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को महनार थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक वेदानंद सिंह एवं नगर परिषद महनार के स्वच्छता पदाधिकारी गौरव कुमार ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में क्षेत्र के विभिन्न मुहर्रम अखाड़ों के खलीफा, जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान मुहर्रम के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मुहर्रम जुलूस के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार के धारदार हथियारों के प्रदर्शन या प्रयोग की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सभी अखाड़ा समितियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ताजिया जुलूस एवं पहलाम संपन्न कराने का निर्देश दिया गया। प्रशासन की ओर से पानी, बिजली और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।

थानाध्यक्ष ने आम लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में जनता और प्रशासन का आपसी सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में उपस्थित समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए मुहर्रम पर्व को भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न कराने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जेई धीरज कुमार, अखिलेश कुमार, दारोगा मो. शमशेर आलम, जितेंद्र कुमार, सरोज कुमार यादव, ध्रुव कुमार सिंह, मो. कलीम अशरफ, आबिद हुसैन, मो. इम्तियाज अहसन, जया कामरान, वार्ड पार्षद कुलदीप साह, किशुन शर्मा, अग्निशमन विभाग से भूषण कुमार, विनोद भगत, जवाहर साह, गुलाम रब्बानी, आसिफ हुसैन, मो. आलमगीर, मो. साबिर नेता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

#महनार #वैशाली #मुहर्रम2026 #शांति_समिति_बैठक #महनार_थाना #वेदानंद_सिंह #डीजे_प्रतिबंध #धारदार_हथियार_प्रतिबंध #ताजिया_जुलूस #सौहार्द #कानून_व्यवस्था #बिहार_समाचार #सत्यम_ग्राम_न्यूज़

ये भी पढ़े…

बढ़ती गर्मी पर प्रशासन सख्त, स्कूलों के समय में बदलाव।

https://satyamgramnews.in/भीषण-गर्मी-का-असर-वैशाली-म/06/2026/21/21/50/10/satyamgramnewsnetwork/

AKHILESH KUMAR
Author: AKHILESH KUMAR

Editor in Chief