राजापाकर में बिजली चोरी पर सख्ती, चार मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश

 

NBPDCL के निरीक्षण में लाखों की क्षति, विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई तेज..

वैशाली/राजापाकर।,सत्यम ग्राम न्यूज़ : नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) के निर्देश पर राजापाकर विद्युत आपूर्ति प्रशाखा क्षेत्र में बिजली चोरी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है। 17 जनवरी 2026 को किए गए विशेष छापेमारी अभियान में अलग–अलग स्थानों पर अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा के उपयोग के चार मामले पकड़े गए।

निरीक्षण दल ने पाया कि उपभोक्ताओं द्वारा बिना मीटर/मीटर बाइपास कर सीधे एलटी लाइन से कनेक्शन लेकर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। इस दौरान विभाग को हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की आर्थिक क्षति आंकी गई है। संबंधित स्थलों पर अवैध कनेक्शन काटते हुए जप्ती सूची तैयार की गई और क्षति का आकलन कर रिपोर्ट संकलित की गई।

कनीय विद्युत अभियंता राजापाकर द्वारा थाना को भेजे गए आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि इन मामलों में भारतीय विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

#बिजलीचोरी #NBPDCL #राजापाकर #वैशाली #विद्युतअधिनियम #छापेमारी #प्राथमिकी #ऊर्जासुरक्षा

AKHILESH KUMAR
Author: AKHILESH KUMAR

Editor in Chief