राजापाकर विधानसभा में मतदान की तैयारी पूरी, बूथों पर कर्मियों को भेजा गया।

सत्यम ग्राम न्यूज़,राजापाकर, आकाशचंद्र वर्मा।
राजापाकर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को होने वाले मतदान को लेकर बुधवार को भलुई कॉलेज स्थित डिस्पैच सेंटर से सभी तीनों प्रखंडों के मतदान कर्मियों को मतदान सामग्री और ईवीएम के साथ सुरक्षा बलों की निगरानी में संबंधित मतदान केंद्रों पर भेजा गया।

आरओ सह डीसीएलआर मेघा कश्यप ने बताया कि राजापाकर विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 80 हजार 544 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 32 हजार 981 महिला मतदाता, 1 लाख 47 हजार 556 पुरुष मतदाता तथा 7 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 1058 सर्विस वोटर भी हैं जिन्होंने प्रशिक्षण उपरांत बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान किया है।

राजापाकर प्रखंड में एक पिंक बूथ (राजकीय मध्य विद्यालय राजापाकर, बूथ संख्या 81) तथा एक आदर्श बूथ (पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय राजापाकर, बूथ संख्या 67) बनाया गया है। इसी तरह विधानसभा के तीनों प्रखंडों में एक-एक पिंक बूथ और एक-एक आदर्श बूथ बनाए गए हैं।

क्षेत्र में 37 संवेदनशील और 42 अति संवेदनशील बूथ घोषित किए गए हैं, जहां सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। सभी मतदान केंद्रों को 32 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

डिस्पैच सेंटर पर तीनों प्रखंडों के मतदान कर्मियों को मतदान सामग्री वितरण के लिए तीन अलग-अलग पंडाल बनाए गए थे। अधिकारी और कर्मचारी पूरे दिन वितरण कार्य में लगे रहे।

इस दौरान कुछ मतदान कर्मियों ने भत्ता नहीं मिलने पर नाराज़गी जताई। अधिकारियों ने बताया कि भत्ते की राशि उनके मोबाइल से जुड़े बैंक खाते में भेजी जा रही है, लेकिन देर शाम तक कई कर्मियों के मोबाइल पर भुगतान की सूचना नहीं पहुंचने से वे क्षुब्ध दिखे।

निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर जीवन बाबू भी मौके पर मौजूद रहे और संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।

#राजापाकर_चुनाव #मतदान_तैयारी #EVM_वितरण #भलुई_कॉलेज #चुनाव_2025 #आकाशचंद्र_वर्मा

ये भी पढ़े…

न्याय नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार का किया एलान।

https://satyamgramnews.in/न्याय-नहीं-मिलने-से-आक्रो/11/2025/05/17/45/02/satyamgramnewsrajapakar1/

AKHILESH KUMAR
Author: AKHILESH KUMAR

Editor in Chief