रामचंद्र विद्यालय की वित्तीय जांच में लापरवाही पर DEO का अंतिम स्मार पत्र, 20 नवंबर तक रिपोर्ट देने का निर्देश

 

पूर्व आदेश के बावजूद जांच प्रतिवेदन नहीं मिलने की विभाग ने की पुष्टि, सहयोग RTMS पर शिकायत का निष्पादन बाधित

पातेपुर (वैशाली)। श्री रामचंद्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पातेपुर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में अब जिला शिक्षा पदाधिकारी, वैशाली ने संबंधित अधिकारियों को अंतिम स्मार पत्र जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 20 नवंबर 2026 तक विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण एवं वित्तीय जांच कर  साक्ष्य सहित स्पष्ट जांच प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से जारी अंतिम स्मार पत्र में यह स्वीकार किया गया है कि पूर्व में स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद विद्यालय से संबंधित जांच प्रतिवेदन अब तक कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराया गया है। इस कारण एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (SAHYOG RTMS) पर दर्ज शिकायतों के निष्पादन में बाधा उत्पन्न हो रही है।

पत्रांक 2781 से जारी हुआ अंतिम स्मार पत्र

उपलब्ध विभागीय दस्तावेज के अनुसार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, वैशाली द्वारा पत्रांक 2781, दिनांक 07 नवंबर 2026 को अंतिम स्मार पत्र जारी किया गया है। यह पत्र जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), वैशाली एवं लेखा पदाधिकारी, बिहार शिक्षा परियोजना, वैशाली को संबोधित है।

पत्र में जिला शिक्षा पदाधिकारी के पूर्व पत्रांक 2413, दिनांक 07 अक्टूबर 2026 तथा शिकायत संख्या REF1010319 का उल्लेख किया गया है।

विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 20 नवंबर 2026 तक श्री रामचंद्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पातेपुर का स्थलीय निरीक्षण एवं वित्तीय जांच पूरी कर सुस्पष्ट जांच प्रतिवेदन साक्ष्यों सहित अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए, ताकि शिकायत का समयबद्ध निष्पादन किया जा सके।

पहले भी गठित हुई थी तीन सदस्यीय जांच समिति

गौरतलब है कि विद्यालय के वित्तीय एवं प्रशासनिक मामलों को लेकर इससे पहले भी शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। सहयोग पोर्टल पर REF705299 एवं REF750517 के माध्यम से मामला विभाग तक पहुंचा था।

पूर्व विभागीय कार्रवाई के तहत विद्यालय के वित्तीय अभिलेखों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित किए जाने और 15 दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन देने का निर्देश दिए जाने की जानकारी पूर्व में सामने आई थी।

जांच के दायरे में वित्तीय वर्ष 2023-24 से अब तक के बैंक स्टेटमेंट, कैशबुक, बिल-वाउचर, रोकड़ पंजी तथा छात्र कोष, विकास कोष सहित विभिन्न वित्तीय मदों के अभिलेख शामिल थे।

10 जून की संयुक्त जांच और अभिलेखों का मामला

पूर्व शिकायतों एवं विभागीय पत्राचार में 10 जून 2026 को बीडीओ एवं बीईओ, पातेपुर द्वारा विद्यालय की संयुक्त जांच किए जाने का भी उल्लेख है। जांच के दौरान विकास कोष पंजी, छात्र कोष एवं मासिक शुल्क संग्रह पंजी, विभिन्न कोषों की पासबुक, विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक पंजी तथा एफएलएन किट से संबंधित अभिलेखों का मामला सामने आया था।

इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी के पत्रांक 1804, दिनांक 18 अगस्त 2026 के संदर्भ में अभिलेखों एवं स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने की कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया था।

लगभग दो करोड़ की कथित अनियमितता का आरोप

शिकायतकर्ता की ओर से विद्यालय के छात्र कोष, विकास कोष एवं अन्य वित्तीय मदों में लगभग दो करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई गई है। हालांकि, इस राशि की पुष्टि किसी अंतिम विभागीय जांच प्रतिवेदन से अभी नहीं हुई है। ऐसे में वास्तविक वित्तीय स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

29 सितंबर के आवेदन के बाद भी जारी रहा पत्राचार

जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने का दावा करते हुए अखिलेश कुमार ने 29 सितंबर 2026 को सहयोग पोर्टल पर REF904908 संख्या से नया आवेदन दर्ज कराया था। इसमें पूर्व शिकायतों से लेकर जांच समिति की कार्रवाई और प्रतिवेदन की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई थी।

इसके बाद 07 अक्टूबर को पत्रांक 2413 से संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया। अब 07 नवंबर को पत्रांक 2781 से अंतिम स्मार पत्र जारी कर 20 नवंबर तक रिपोर्ट देने की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

अब 20 नवंबर तक जांच रिपोर्ट का इंतजार

विभाग के अंतिम स्मार पत्र के बाद अब संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही महत्वपूर्ण हो गई है। देखना होगा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्थल निरीक्षण, वित्तीय अभिलेखों का सत्यापन और साक्ष्य सहित जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाता है या नहीं।

फिलहाल उपलब्ध दस्तावेज में किसी व्यक्ति के विरुद्ध वित्तीय अनियमितता का अंतिम दोष निर्धारण नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और आगे की विभागीय कार्रवाई स्पष्ट होगी।

सत्यम ग्राम न्यूज़ इस मामले में विभागीय पत्राचार एवं सरकारी अभिलेखों के आधार पर लगातार नजर बनाए हुए है। संबंधित विद्यालय प्रबंधन एवं विभाग का आधिकारिक पक्ष या अंतिम जांच प्रतिवेदन उपलब्ध होने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।

#VaishaliNews #PatepurNews #DEOVaishali #BreakingNews #BiharNews #EducationNews #SahyogRTMS #SatyamGramNews

यह भी पढ़े :–

• रामचंद्र विद्यालय की जांच में DEO सख्त! 20 नवंबर तक रिपोर्ट का अल्टीमेटम, जारी हुआ अंतिम स्मार पत्र | वैशाली

https://www.facebook.com/share/v/1A1BPZr3fq/

• रामचंद्र विद्यालय की वित्तीय जांच में DEO सख्त! 20 नवंबर तक साक्ष्य सहित रिपोर्ट देने का अंतिम निर्देश जारी। #VaishaliNews

• पातेपुर के 44 निजी विद्यालयों पर सवाल, बच्चों की सुरक्षा पर चिंता!

https://satyamgramnews.in/पातेपुर-के-44-निजी-विद्यालय/11/2026/05/20/05/30/satyamgramnewsnetwork/

 

AKHILESH KUMAR
Author: AKHILESH KUMAR

Editor in Chief