वैशाली अपहरण कांड में नया मोड़: वायरल वीडियो में युवती ने प्रेम विवाह का किया दावा, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच।

प्राथमिकी में सात लोग नामजद, वायरल वीडियो में युवती ने अपनी मर्जी से घर छोड़ने की कही बात; वीडियो में युवक भी दिखा, लेकिन पूरे समय रहा खामोश।

चेहरा कलां (वैशाली) | सत्यम ग्राम न्यूज़।संवाददाता। वैशाली जिले के कटहरा थाना कांड संख्या 09/26, जिसमें किशुनपुर तेलौर निवासी बच्चे राय ने अपनी पुत्री अन्नु कुमारी के कथित अपहरण का मामला दर्ज कराया था, अब एक नए घटनाक्रम के बाद चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल तीन वीडियो ने मामले की जांच को नया मोड़ दे दिया है।

प्राथमिकी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की सुबह अन्नु कुमारी को कोचिंग जाने के दौरान घर के समीप से कार सवार लोगों द्वारा जबरन ले जाने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में रविरंजन कुमार, दीपक कुमार, सुधीर राय, टुनटुन राय , अनिल कुमार, रानी कुमारी तथा संजीत कुमार को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

इसी बीच सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तीन वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये वीडियो Instagram ID “sanjit_sahni251” से साझा किए गए हैं। हालांकि, उक्त इंस्टाग्राम आईडी वास्तव में किसकी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और यह भी पुलिस जांच का विषय है।

वायरल वीडियो में एक युवती और एक युवक दोनों दिखाई दे रहे हैं। पूरे वीडियो में केवल युवती ही बोलती नजर आती है, जबकि युवक उसके साथ चुपचाप खड़ा रहता है और कोई बयान नहीं देता। वीडियो में युवती ने दावा किया है कि उसने अपनी मर्जी से घर छोड़ा है और अपने प्रेमी से विवाह कर लिया है। हालांकि, उसने अपने कथित प्रेमी का नाम, पता या अन्य पहचान संबंधी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

सूत्रों के अनुसार, युवती ने प्राथमिकी में नामजद व्यक्तियों से अलग एक अन्य युवक के साथ प्रेम विवाह किया है। यह भी चर्चा है कि उक्त युवक का घर मुजफ्फरपुर जिले में है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटहरा थाना पुलिस मामले के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच कर रही है। वायरल वीडियो की सत्यता, डिजिटल साक्ष्यों और प्राथमिकी में नामजद अभियुक्तों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नामजद व्यक्तियों का इस पूरे घटनाक्रम से कोई संबंध है या नहीं।

सूत्रों के अनुसार, प्रेमी युगल फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है। उनकी तलाश में लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान जारी है। वहीं, पीड़ित परिवार भी अपने स्तर पर युवती की तलाश में जुटा हुआ है।

संवाददाता ने मामले में नामजद आरोपितों का पक्ष जानने के लिए उनके संभावित आवास पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी व्यक्ति उपलब्ध नहीं मिला। इसलिए उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

कटहरा थाना पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष और सभी बिंदुओं पर की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

अस्वीकरण: यह समाचार कटहरा थाना में दर्ज प्राथमिकी, स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी तथा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर तैयार किया गया है। वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र अथवा आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।

#VaishaliNews #Katra #BiharNews #KidnappingCase #ViralVideo #LoveMarriage #CrimeNews #BiharPolice #BreakingNews #SatyamGramNews #Vaishali #InstagramViral #HindiNews #BiharCrime #LatestNews

ये भी पढ़े…

वैशाली: PM श्री विद्यालय से आधार उपकरण गायब, DEO सख्त।

https://www.facebook.com/share/p/1EdZxJfvX8/

चेहरा कलां के पीएम श्री विद्यालय बखरी दुआ से आधार नामांकन के उपकरण गायब मिलने पर डीईओ ने तीन दिनों में जांच रिपोर्ट और FIR दर्ज कराने का दिया निर्देश ।

AKHILESH KUMAR
Author: AKHILESH KUMAR

Editor in Chief