वैशाली में शिक्षा विभाग का कड़ा रुख: आरपीसीजे उच्च माध्यमिक विद्यालय के 5 कर्मियों से स्पष्टीकरण, कार्रवाई की चेतावनी

गोरौल के आरपीसीजे उच्च माध्यमिक विद्यालय के 5 कर्मियों से DEO ने 2 दिनों में साक्ष्य सहित जवाब मांगा, असंतोषजनक जवाब पर कार्रवाई की चेतावनी।

सत्यम ग्राम न्यूज़ | डिजिटल न्यूज़ डेस्क।

हाजीपुर/गोरौल (01 सितंबर 2026) : वैशाली जिले के गोरौल प्रखंड स्थित आर०पी०सी०जे० उच्च माध्यमिक विद्यालय, बेलवरघाट में कथित अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) रवीन्द्र कुमार के कार्यालय से जारी ज्ञापांक 1989, दिनांक 29 अगस्त 2026 के माध्यम से विद्यालय के एक लिपिक सहित चार विद्यालय अध्यापकों से दो दिनों के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण मांगा गया है।

इन पांच कर्मियों से मांगा गया स्पष्टीकरण

शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार जिन कर्मियों से जवाब मांगा गया है, उनमें—

– लिपिक: मोहन सिंह

– विद्यालय अध्यापक: शिवानी

– विद्यालय अध्यापक: सुभद्रा कुमारी

– विद्यालय अध्यापक: ऋतुराज

– विद्यालय अध्यापक: सबा नाज शामिल हैं।

प्रभारी प्रधानाध्यापक की रिपोर्ट के आधार पर गंभीर आरोप

DEO कार्यालय की कार्रवाई प्रभारी प्रधानाध्यापक की रिपोर्ट, पत्रांक 120, दिनांक 19 अगस्त 2026 के आधार पर की गई है। रिपोर्ट में संबंधित कर्मियों के विरुद्ध विद्यालय अवधि में अनुशासनहीनता, कार्य में लापरवाही तथा शैक्षणिक व्यवस्था में अपेक्षित सहयोग नहीं करने सहित कई आरोपों का उल्लेख किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद विद्यालय अवधि में मोबाइल जमा नहीं करने, हेडफोन लगाकर सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने, बातचीत करने तथा ड्यूटी के दौरान सोने जैसी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में दर्ज होने का दावा किया गया है।

विधायक के निरीक्षण में भी सामने आई थी कथित लापरवाही

रिपोर्ट में उल्लेख है कि 19 जुलाई 2026 को मॉडल स्कूल के उद्घाटन के अवसर पर माननीय विधायक के निरीक्षण के दौरान भी कुछ शिक्षिकाओं के सोशल मीडिया में व्यस्त एवं सोते हुए पाए जाने की बात सामने आई थी। इस पर विधायक द्वारा नाराजगी व्यक्त किए जाने का उल्लेख रिपोर्ट में किया गया है।

लिपिक पर भी लगाए गए कई आरोप

रिपोर्ट में लिपिक मोहन सिंह पर कथित तौर पर अपनी सुविधा के अनुसार विद्यालय आने-जाने, कार्यालय अवधि में फोन पर व्यस्त रहने तथा विद्यालय परिसर में नशीले पदार्थों के सेवन जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा अधिकारियों को कथित रूप से फर्जी नाम से आवेदन देकर परेशान करने और छात्रों को उकसाने के आरोपों का भी उल्लेख है।

इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि इस स्तर पर नहीं हुई है। संबंधित कर्मियों का पक्ष उनके स्पष्टीकरण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पठन-पाठन और शैक्षणिक व्यवस्था में सहयोग नहीं करने का आरोप

प्रभारी प्रधानाध्यापक की रिपोर्ट में संबंधित शिक्षकों पर आदेशों की अवहेलना, पठन-पाठन एवं शैक्षणिक व्यवस्था में अपेक्षित सहयोग नहीं करने, अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने तथा चेतना सत्र में भाग नहीं लेने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

924 छात्रों में केवल 195 मिले थे उपस्थित

मामले की गंभीरता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि 23 जुलाई 2026 को हुई जांच के दौरान विद्यालय में नामांकित 924 छात्रों के विरुद्ध मात्र 195 छात्र उपस्थित पाए गए थे। इसके बाद विद्यालय के सभी शिक्षकों का वेतन स्थगित किया गया था।

हालांकि, शिक्षा विभाग के अनुसार बाद की स्थिति सामान्य होने पर इन पांच कर्मियों को छोड़कर अन्य शिक्षकों का वेतन भुगतान बहाल कर दिया गया है।

दो दिन में जवाब, नहीं तो होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित पांचों कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर साक्ष्य सहित अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में जवाब नहीं दिया जाता है अथवा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो मामले को एकतरफा मानते हुए कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

इसके साथ ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, गोरौल को स्थल जांच कर दो दिनों के भीतर जांच रिपोर् उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

अब शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट और संबंधित कर्मियों के स्पष्टीकरण के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सत्यता है और विभाग आगे क्या कार्रवाई करता है।

सत्यम ग्राम न्यूज़ — ग्राम की खबर सबसे पहले!

यह भी पढ़े…

वैशाली: वैज्ञानिक पर ब्लैक मेलिंग और 1 करोड़ की ठगी का आरोप।

https://satyamgramnews.in/वैशाली-वैज्ञानिक-पर-ब्लै/08/2026/31/06/14/34/satyamgramnewsnetwork/

“नौकरी का भरोसा… लाखों की मदद… फिर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप!”

https://www.facebook.com/share/p/1MPGiU1kkf/

लाखों की मदद और नौकरी का झांसा, फिर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप

अपने क्षेत्र की सभी खबरें देखने और *खबरें शेयर करके कमाई करने के लिए शुरू ऐप (Shuru App) डाउनलोड करें* 👇🏻

https://shuru.co.in/dl/FPmDiE

AKHILESH KUMAR
Author: AKHILESH KUMAR

Editor in Chief