
महनार (वैशाली)सत्यम ग्राम न्यूज़ ब्यूरो । बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और राहत कार्य तेज कर दिया है। रविवार, 06 सितंबर 2026 को जिला पदाधिकारी, वैशाली ने महनार अनुमंडल के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत बिलट चौक स्थित ड्रेनेज डिवीजन, हाजीपुर के स्लुइस गेट से हुई। डीएम ने स्लुइस गेट के पास जमा कचरे का तत्काल सफाई कराकर हटाने का निर्देश दिया, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
इसके बाद देसरी प्रखंड के आजमपुर पंचायत के वार्ड संख्या 11 एवं 12, खड़गपुर के समीप बांध का निरीक्षण किया गया। डीएम ने बांध की स्थिति और चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से भी सुरक्षा कार्यों को लेकर फीडबैक लिया और अधिकारियों को बांध की लगातार निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्य कराने का निर्देश दिया।
🍲 सामुदायिक रसोई और पशुओं की व्यवस्था पर जोर
जिला पदाधिकारी ने क्षेत्र में संचालित सामुदायिक रसोई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बाढ़ प्रभावित पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में पशु चारा उपलब्ध कराने और जरूरत के अनुसार पशु चिकित्सा शिविर लगाने का भी निर्देश दिया गया।
🚑 गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को मिलेगी प्राथमिकता
डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर/असाध्य रोग से पीड़ित मरीजों को निर्बाध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल नाव अथवा एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए।
🛶 विस्थापित लोगों के लिए शिविर लगाने का निर्देश
इसके बाद जिला पदाधिकारी ने बाजार घाट, महनार का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने राघोपुर के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से विस्थापित होकर पहुंचे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विस्थापित लोगों के लिए तत्काल आवासन शिविर की व्यवस्था करने तथा पर्याप्त मात्रा में पशु चारा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत, स्वास्थ्य, भोजन, आवासन और पशुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। सभी पदाधिकारियों को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान महनार अनुमंडल पदाधिकारी अंकित कुमार, एसडीपीओ प्रवीण कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार, राजस्व पदाधिकारी पूजा राय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, देसरी प्रखंड में राजापाकर विधायक महेंद्र राम सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
#बाढ़ #महनार #वैशाली #बिहार #बाढ़प्रभावित #जिलाप्रशासन #राहतबचाव #स्वास्थ्यसेवा #सत्यमग्रामन्यूज़ #VaishaliNews #MahanarNews
सत्यम ग्राम न्यूज़ — ग्राम की खबर सबसे पहले!

Author: AKHILESH KUMAR
Editor in Chief