24 घंटे का अष्टयाम यज्ञ शुरू, 251 महिलाओं की भव्य कलश शोभायात्रा निकली।

सत्यम ग्राम न्यूज़,राजापाकर, आकाशचंद्र वर्मा।
राजापाकर उत्तरी पंचायत के पूर्वी टोला वार्ड नंबर 7 में गुरुवार को 24 घंटे के अष्टयाम यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। सुबह 251 महिलाओं ने हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे की अगुआई में शोभायात्रा निकाली। हाजीपुर के कौनहारा घाट से गंगाजल लाकर कलश यात्रा काली स्थान, कबीर मठ, डाकघर चौक, हाई स्कूल चौक होते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंची।

आचार्य इंद्रेश झा, विवेक कुमार झा, शिवम कुमार झा, कपिलदेव झा और मुक्तिनाथ झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरवाया। इसके बाद अष्टयाम यज्ञ की शुरुआत हुई, जो शुक्रवार दोपहर एक बजे तक चलेगा। शुक्रवार की रात विवाह कीर्तन का भी आयोजन किया गया है।

कलश यात्रा को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर महिला-पुरुष व बच्चों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं सुबह दर्जनों महिलाओं ने यज्ञ स्थल की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना करते हुए सुख-शांति की कामना की। यज्ञ के आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। ‘हरे राम-हरे कृष्णा’ और ‘गौरी शंकर-सीता राम’ की भक्ति धुन से वातावरण गुंजायमान रहा। यज्ञ स्थल पर पूजन-सामग्री की दुकानें भी सजी रहीं।

यज्ञ के व्यवस्थापन में दिनेश राय, संजू कुमार, अमित कुमार, रत्नेश कुमार, राम इकबाल राय, रामसूरत राय, सिपाही राय, रामयाद राय सहित कई लोग सक्रिय रूप से शामिल रहे।

#राजापाकर #अष्टयाम_यज्ञ #कलश_शोभायात्रा #धार्मिक_आयोजन #हाजीपुर #कौनहारा_घाट #गंगाजल #पूर्वी_टोला #बिहार_समाचार #स्थानीय_खबर #विवाह_कीर्तन #भक्तिमय_माहौल #आकाशचंद्र_वर्मा

AKASH CHANDRA VERMA
Author: AKASH CHANDRA VERMA

ब्यूरो चीफ, वैशाली