26 सितंबर को बिहार के स्कूलों में होगी PTM, जानें निर्देश

26 सितंबर को बिहार के प्रारंभिक विद्यालयों में होगी PTM, ‘निपुण पथ’ पर रहेगा जोर

 

पटना/वैशाली। बिहार के प्रारंभिक विद्यालयों में 26 सितंबर 2026 को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (PTM) आयोजित की जाएगी। इस बार संगोष्ठी की थीम “निपुण पथ : पढ़ना, लिखना एवं गणना” रखी गई है। पहले यह आयोजन 22 सितंबर को प्रस्तावित था, जिसे अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर अब 26 सितंबर को निर्धारित किया गया है।

प्राथमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को PTM के आयोजन एवं निगरानी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत वैशाली सहित राज्य के सभी जिलों के प्रारंभिक विद्यालयों में अभिभावकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

पढ़ने, लिखने और गणना कौशल पर फोकस

PTM का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (FLN) को मजबूत करना है। बैठक में अभिभावकों को बच्चों की पढ़ने, लिखने और गणना क्षमता के विकास में घर से सहयोग करने के लिए जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति और शैक्षणिक प्रगति को लेकर भी अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद किया जाएगा।

अभिभावकों को घर-घर संपर्क कर बुलाने की तैयारी

विद्यालयों में अभिभावकों को आमंत्रित करने के लिए बच्चों के माध्यम से पत्र भेजने के साथ व्हाट्सऐप संदेश, माइकिंग, टोला संपर्क, विद्यालय शिक्षा समिति (SMC), बाल संसद और मीना मंच की सहायता ली जाएगी।

ड्रॉपआउट, अनियमित रूप से विद्यालय आने वाले तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के अभिभावकों से विशेष रूप से व्यक्तिगत संपर्क करने का निर्देश दिया गया है।

‘स्टूडेंट ऑफ द मंथ’ और ‘पैरेंट ऑफ द मंथ’ सम्मान

PTM के दौरान वर्गवार बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ‘स्टूडेंट ऑफ द मंथ’ तथा विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले अभिभावकों को ‘पैरेंट ऑफ द मंथ’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

इसका उद्देश्य बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों को भी विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ना है।

घर में बनेगा ‘पठन कोना’

अभिभावकों को अपने घर में बच्चों के लिए ‘पठन कोना’ (Study Corner) बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बच्चों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे पढ़ने तथा 15 से 20 मिनट बोलकर पढ़ने का अभ्यास कराने पर जोर दिया जाएगा।

अभिभावकों को दिलाया जाएगा संकल्प

PTM में अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा और नियमित विद्यालय उपस्थिति को लेकर संकल्प भी कराया जाएगा। इसमें बच्चों को समय पर और साफ-सुथरी यूनिफॉर्म में विद्यालय भेजना, घर पर पढ़ाई में सहयोग करना तथा प्रत्येक PTM में नियमित रूप से भाग लेकर बच्चों की प्रगति की जानकारी लेना शामिल है।

गूगल फॉर्म से होगी रिपोर्टिंग

संगोष्ठी समाप्त होने के बाद विद्यालय स्तर से उपस्थिति एवं फीडबैक की रिपोर्ट गूगल फॉर्म के माध्यम से राज्य स्तर पर भेजी जाएगी। जिला, प्रखंड और संकुल (CRC) स्तर के अधिकारियों को आयोजन की निगरानी एवं प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी दी गई है।

बेहतर आयोजन करने वाले विद्यालयों और CRC को जिला एवं प्रखंड स्तर पर पुरस्कृत किए जाने की व्यवस्था भी दिशा-निर्देशों में बताई गई है।

सत्यम ग्राम न्यूज़ — सच्ची निष्पक्ष, ग्राम की खबर सबसे पहले!

#BiharEducation #PTM2026 #BiharSchool #NipunPath #FLN #ParentTeacherMeeting #Vaishali #SatyamGramNews

AKHILESH KUMAR
Author: AKHILESH KUMAR

Editor in Chief