
सत्यम ग्राम न्यूज़, वैशाली : जिले के राजापाकर,थाना क्षेत्र के हरपुर मुकुंद गांव में करेंट की चपेट में आने से एक अधेड व्यक्ति की मौत। आम के बगीचे में सुरक्षा के लिए बगीचा मालिक द्वारा लगाए गए नंगे विद्युत तार में बिजली प्रवाहित होने से सुबह टहल रहे एक व्यक्ति की बिजली की चपेट में आने से 50 वर्षीय अधेड व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
वही साथ में गई पत्नी बाल बाल बची। घटना से इलाके में छाया मातम। प्रखंड क्षेत्र के जाफरपट्टी पंचायत के हरपुर मुकुंद गांव निवासी स्वर्गीय हरेराम सिंह के 50 वर्षीय पुत्र प्रमोद सिंह की रविवार सुबह लगभग 7 बजे करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब प्रमोद सिंह अपनी पत्नी वीणा देवी के साथ पास के आम बगीचे से होकर नए बन रहे फोरलेन एक्सप्रेसवे की ओर सुबह टहलने निकले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाकरपुर गांव निवासी सुरेश सिंह द्वारा अपने आम के बगीचे की सुरक्षा के लिए आम के बगीचे के चारों तरफ नंगे बिजली का तार लगाया गया था जिसमें विद्युत प्रवाहित हो रहा था। आम के बगीचे में पगडंडी रास्ता गुजर रही थी। जिस रास्ते से प्रमोद सिंह पति-पत्नी सुबह टहलने के दौरान अनजाने में करंट युक्त नंगे तार के संपर्क में आ गए जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उनकी पत्नी कुछ दूरी पर थी जिसने शोर मचाया और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के परिजनों ने राजापाकर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार को फोन किया। घटना की सूचना पाकर अपर थाना अध्यक्ष संदीप मंडल अपने सुरक्षा बलों के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। वहीं घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड देखी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वही पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया गया। शव घर पर लाकर दाहय संस्कार की तैयारी हो रही थी। वहीं घटना से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था।
मृतक के दो विवाहिता पुत्री और एक पुत्र है। मृतक के पुत्र राहुल कुमार ने इस संबंध में थाने में आवेदन दिया है।प्रमोद सिंह की असमायिक मृत्यु से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने इस तरह से बगीचे में करंट लगाने की प्रवृत्ति पर कड़ा एतराज जताया है और प्रशासन से दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े…
योग दिवस पर विद्यालय में बच्चों को कराया गया योग्याभ्यास।
Author: AKASH CHANDRA VERMA
ब्यूरो चीफ, वैशाली