
सत्यम ग्राम न्यूज़, राजापाकर : प्रखंड के बाकरपुर पंचायत अंतर्गत गंगाजल गांव निवासी और पेशे से सर्प रेस्क्यूअर जयप्रकाश राय उर्फ जेपी राय (उम्र लगभग 45 वर्ष) की रविवार की शाम एक दुखद घटना में मृत्यु हो गई। जेपी राय चकसिकंदर बाजार स्थित एक दुकान में कोबरा सांप को पकड़ने के लिए पहुंचे थे, जहां रेस्क्यू के दौरान उन्हें जहरीले कोबरा सांप ने काट लिया।
काटने के तुरंत बाद वह घटनास्थल पर ही मूर्छित हो गए। उपस्थित लोगों ने उन्हें आनन-फानन में हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जयप्रकाश राय विगत कई वर्षों से सांप पकड़ने और उन्हें सुरक्षित जंगल में छोड़ने का कार्य करते आ रहे थे। उन्होंने कई बार लोगों की जान बचाते हुए जहरीले सांपों का रेस्क्यू किया था। दुर्भाग्यवश, इस बार एक कोबरा के जहर ने उनकी अपनी ही जान ले ली। स्थानीय लोग बताते हैं कि जेपी राय जानवरों के प्रति बेहद संवेदनशील और निडर स्वभाव के थे।
उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र, दो पुत्रियां और वृद्ध माता हैं। उनके निधन से परिवार पूरी तरह शोकग्रस्त है। घटना की जानकारी मिलते ही राजापाकर की विधायक प्रतिमा कुमारी पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
मृतक के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद सोमवार को हाजीपुर के कोनहारा घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दुखद घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने सरकार से मृतक के परिवार को वन एवं पर्यावरण विभाग के माध्यम से उचित मुआवजा देने की मांग की है। मौके पर उपस्थित अभिषेक कुमार गोलू, प्रमोद राय, जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष मंजे लाल राय, सरपंच प्रतिनिधि कृष्णानंद राय, गुड्डू राय, चंदेश्वर राय, परदेसी राय, अभय कुमार, विनय कुमार, सुरेंद्र राय, साधु राय, मुकेश राय, जवाहर राय, मिश्री राय, तुलसी कुमार, परमानंद सिंह, रविंद्र राय, अवध राय एवं राहुल कुमार सिंह समेत अन्य लोगों ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
जयप्रकाश राय की मौत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। उनके साहस और सेवा कार्य को लोग हमेशा याद रखेंगे।
ये भी पढ़े…
सत्यम ने BHU मे लहराया परचम,देशभर में हासिल किया 10वां स्थान।
https://satyamgramnews.in/वैशाली-पातेपुर-के-बेटा-न/07/2025/03/10/47/17/satyamgramnewsnetwork/
Author: AKASH CHANDRA VERMA
ब्यूरो चीफ, वैशाली