
सत्यम ग्राम न्यूज़,महुआ (वैशाली)। महुआ थाना क्षेत्र के महुआ-हाजीपुर मुख्य मार्ग स्थित सिंहपुर के समीप राजू लाइन होटल के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में साइकिल सवार दादा-पोता को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद दिया, जिसमें दादा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पोता गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कन्हौली धनराज पंचायत के वार्ड संख्या-10 अंतर्गत बिशनपुर बेझा गांव निवासी स्वर्गीय मेघन राम के 65 वर्षीय पुत्र मिश्री राम अपने दस वर्षीय पोता सन्नी कुमार को साइकिल पर बैठाकर रानीपोखर पेट्रोल पंप पर डीजल लेने जा रहे थे। इसी दौरान सिंहपुर स्थित राजू लाइन होटल के पास हाजीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार डाला लगी ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दादा-पोता बीच सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में मिश्री राम की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पोता सन्नी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को महुआ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतक मिश्री राम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके एकमात्र पुत्र गणेश राम चेन्नई में रहकर मजदूरी करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी मानती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर महुआ थाना अध्यक्ष राजेश रंजन दल-बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।#MahuaNews #SadakDurghatna #TractorAccident #Vaishali #RoadAccident #MahuaPolice #biharnews
ये भी पढ़े…
राजापाकर थाने में 1668 लीटर अवैध विदेशी शराब का विनष्टीकरण।
Author: SURYA NARAYAN SAHANI
संवाददाता : महुआ