राजापाकर विधायक प्रतिमा कुमारी ने गिनाए विकास कार्य, जनता से मांगा सहयोग


 सत्यम ग्राम न्यूज़,राजापाकर, आकाशचंद्र वर्मा।स्थानीय विधायक प्रतिमा कुमारी ने शुक्रवार को राजापाकर शनिचर हाट चौक स्थित जनता पुस्तकालय परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों ने जो जिम्मेदारी उन्हें दी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास किया है।

उन्होंने बताया कि राजापाकर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण, सीढ़ी घाट, पुल-पुलियों का निर्माण, विद्यालय भवन समेत कई अन्य विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने के साथ-साथ शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया।

मीडिया द्वारा घाघरा नहर की सफाई से जुड़े सवाल पर विधायक ने कहा कि इसका डीपीआर (विवरण परियोजना रिपोर्ट) बनकर तैयार है और जल्द ही सफाई कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं प्रखंड कार्यालय का स्थायी भवन न होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद यदि महागठबंधन की सरकार बनती है, तो एक भव्य प्रखंड कार्यालय का निर्माण कराया जाएगा।

राजापाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक सड़क नहीं होने की समस्या पर उन्होंने बताया कि निजी रैयतों की जमीन होने के कारण सड़क निर्माण में कठिनाई आ रही है। इसी तरह राजापाकर उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या 14 और 16 में संपर्क मार्ग नहीं होने की समस्या पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण आवेदन करें, ताकि उस आधार पर प्रशासन कार्रवाई कर सके। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि सरकार और प्रशासन इच्छुक हों तो भूमि अधिग्रहण कर इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है, लेकिन इस दिशा में फिलहाल कोई पहल नहीं हो रही है।

विधायक ने सहदेई बुजुर्ग और देसरी प्रखंडों में हुए विकास कार्यों का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी कार्य अधूरे हैं, उन्हें महागठबंधन की सरकार बनने पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक प्रतिनिधि राजीव रंजन उर्फ पंकज यादव सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

AKASH CHANDRA VERMA
Author: AKASH CHANDRA VERMA

ब्यूरो चीफ, वैशाली