कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया सावन महोत्सव

सत्यम ग्राम न्यूज़,राजापाकर, आकाशचंद्र वर्मा

बरांटी थाना क्षेत्र स्थित बीएमडी कॉलेज दयालपुर में शुक्रवार को सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कॉलेज परिसर में रंगोली, पेंटिंग, मेहंदी, गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत रंगोली निर्माण से हुई। मंच का संचालन रितु कुमारी और निशा कुमारी ने किया। स्वागत गीत की प्रस्तुति छात्रा कामाख्या कुमारी और खुशी कुमारी ने दी। कार्यक्रम का उद्घाटन भाषण डॉ. श्वेता राय ने दिया। उन्होंने कहा कि सावन का महीना प्रकृति की अनुपम छटा का प्रतीक होता है। इस दौरान प्रकृति हरियाली से भर जाती है और वातावरण शिवमय हो जाता है।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. श्याम रंजन प्रसाद ने कहा कि सावन का महीना धरती की प्यास बुझाने वाला और आनंद देने वाला होता है। यह महीना भक्ति, संगीत और सौंदर्य से भरपूर होता है।

प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। मेहंदी प्रतियोगिता में डोली कुमारी, रंगोली में प्रगति कुमारी और पेंटिंग में करीना कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत करीना ने “सावन का महीना” गीत, कामाख्या ने कजरी गीत और अमीशा कुमारी ने शिव भक्ति गीत की प्रस्तुति दी। वहीं, सोनी कुमारी और अर्चना कुमारी ने कजरी नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।

इस अवसर पर कॉलेज के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं शिक्षकेतर कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और सभी ने सावन की खुशियों का आनंद लिया।

 

 

AKHILESH KUMAR
Author: AKHILESH KUMAR

Editor in Chief