
राजापाकर, आकाशचंद्र वर्मा।प्रखंड क्षेत्र में छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। विभिन्न गांवों और पंचायतों में श्रद्धालु नदियों, तालाबों एवं घरों के समीप बने अस्थायी घाटों की सजावट और व्यवस्था में जुटे हैं। जहां प्राकृतिक जलाशय उपलब्ध हैं, वहां श्रद्धालु स्वयं घाट तैयार कर रहे हैं, जबकि कुछ स्थानों पर लोग गड्ढे की खुदाई कर तालाबनुमा छठ घाट का निर्माण कर रहे हैं।
राजस्व कर्मचारी अमित कुमार रंजन ने बताया कि बाकरपुर पोखर, रानी पोखर, सरसई सरोवर एवं जाफर पट्टी पोखर को खतरनाक पोखर घोषित किया गया है। इन स्थलों पर गोताखोरों, आपदा मित्रों और विकास मित्रों की तैनाती की जाएगी। साथ ही प्रत्येक पोखर पर नाव और नाविकों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके।
वहीं, कई पंचायतों के लोगों ने शिकायत की है कि प्रशासन द्वारा अब तक घाटों की सफाई नहीं कराई गई है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर से मांग की है कि जल्द से जल्द सभी छठ घाटों की सफाई कराई जाए।
इस संबंध में पूछे जाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने बताया कि सभी पंचायतों में जहां भी पोखर या तालाबों में घाट का निर्माण हुआ है, उनकी सफाई प्रशासनिक स्तर पर कराई जाएगी। स्वच्छता अभियान में लगे कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे कल से सभी पंचायतों में जाकर छठ घाटों की सफाई प्रारंभ करें, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और श्रद्धालु सुगमता पूर्वक छठी मैया की पूजा-अर्चना कर सकें।
#छठ पूजा तैयारी #राजापाकर समाचार #स्वच्छता अभियान #प्रशासनिक निर्देश # आकाशचंद्र वर्मा रिपोर्ट
ये भी पढ़े…
देशी शराब बरामद, धंधेबाज को जेल भेजा गया।
https://satyamgramnews.in/देशी-शराब-बरामद-धंधेबाज-क/10/2025/22/19/11/57/satyamgramnewsrajapakar1/
Author: AKASH CHANDRA VERMA
ब्यूरो चीफ, वैशाली