वैशाली में निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की कड़ी नजर, बिना फायर NOC और पंजीकरण के चलने वालों पर होगी कार्रवाई।

 

हाजीपुर | सत्यम ग्राम न्यूज़ | देश के विभिन्न राज्यों में हाल के दिनों में हुई अग्निकांड की घटनाओं के बाद वैशाली जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला पदाधिकारी (डीएम) वैशाली ने जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित निजी विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों का सघन सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्देश दिया है।

जिला पदाधिकारी द्वारा जारी पत्रांक-1410 के अनुसार प्रत्येक अनुमंडल में एक संयुक्त जांच दल का गठन किया जाएगा। इस दल में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला अग्निशमन पदाधिकारी तथा संबंधित थाना के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। टीम तत्काल प्रभाव से जांच अभियान शुरू करेगी।

इन प्रमुख बिंदुओं पर होगी जांच :-

सभी संस्थानों में फायर NOC, अग्निशमन यंत्र एवं अन्य सुरक्षा मानकों की जांच।

– आपातकालीन स्थिति के लिए सुरक्षित प्रवेश एवं निकास (Emergency Exit) की व्यवस्था का निरीक्षण।

– भवन का निर्माण स्वीकृत नक्शे एवं भवन मानकों के अनुरूप है या नहीं, इसकी जांच।

– निजी विद्यालयों की मान्यता तथा कोचिंग संस्थानों का ‘बिहार कोचिंग संस्थान (नियंत्रण एवं विनियमन) अधिनियम, 2010’ के तहत वैध पंजीकरण की पुष्टि।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी FIR 

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिना फायर सुरक्षा मानकों, वैध मान्यता या पंजीकरण के संचालित पाए जाने वाले निजी विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को जांच पूरी कर समेकित प्रतिवेदन शीघ्र जिला मुख्यालय भेजने का निर्देश दिया गया है। वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचलाधिकारी (CO), प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तथा पुलिस प्रशासन को संयुक्त जांच दल को आवश्यक सहयोग एवं पुलिस बल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा कोचिंग संस्थानों के लिए एक विशेष विवरणी (एक्सेल शीट) भी जारी की गई है, जिसमें छात्रों की संख्या, पंजीकरण की स्थिति तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक जानकारियां मांगी गई हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

#Vaishali #Hajipur #SchoolSafety #CoachingInstitute #FireSafety #DMVaishali #Education #Bihar #FireNOC #SatyamGramNews

ये भी पढ़े…

कहीं बूंद-बूंद को तरसते लोग, तो कहीं हजारों लीटर पानी सड़क पर बर्बाद!

https://satyamgramnews.in/कहीं-बूंद-बूंद-को-तरसते-लो/07/2026/07/09/55/01/satyamgramnewsnetwork/

AKHILESH KUMAR
Author: AKHILESH KUMAR

Editor in Chief