
सत्यम ग्राम न्यूज़ संवाददाता,गोरौल : प्रखंड क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों के लिए दर्पण कार्यक्रम (साप्ताहिक मूल्यांकन) की शुरुआत करने वाले पूर्व एसडीएम महुआ और वर्तमान में एडीएम सीतामढ़ी संदीप कुमार ने गोरौल के विद्यालयों का भ्रमण कर दर्पण कार्यक्रम की प्रगति को जाना। सोमवार को पटना से सीतामढ़ी जाने के दौरान एडीएम सीतामढ़ी संदीप कुमार उत्क्रमित मध्य विद्यालय भटौलिया पहुंचे।

वर्ग कक्ष में जाकर बच्चों से दर्पण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक शनिवार को होने वाले साप्ताहिक मूल्यांकन के संबंध में बातचीत की। बच्चों ने साप्ताहिक मूल्यांकन से होने वाले लाभ के संबंध में बताया ।वर्ग आठ का छात्र पुष्कर ने कहा कि प्रत्येक सप्ताह होने वाले दर्पण साप्ताहिक मूल्यांकन के कारण परीक्षा के भय से हम लोगों को मुक्ति मिल गई है। मासिक मूल्यांकन और वार्षिक मूल्यांकन के साथ साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं का भय अब नहीं सताता है ।क्योंकि हम लोग प्रत्येक सप्ताह मूल्यांकन की प्रक्रिया से गुजरते हैं ।

शिक्षकों ने कुछ ऐसे बच्चों से भी एडीएम संदीप कुमार को परिचय करवाया जो पढ़ने लिखने में काफी कमजोर थे ।लेकिन यह बच्चे प्रत्येक सप्ताह मूल्यांकन की प्रक्रिया से गुजरते गुजरते खुद को शैक्षिक रूप से मजबूत कर लिया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार ने बताया कि दर्पण कार्यक्रम के कारण बच्चों में प्रतियोगिता की भावना जगी है।

सभी बच्चे प्रथम स्थान प्राप्त करना चाहते हैं। ताकि उनके नाम की घोषणा विद्यालय के चेतना सत्र में शिक्षक के द्वारा की जाए ।शिक्षको ने बताया कि सामान्य दिनों की अपेक्षा दर्पण कार्यक्रम के दिन शनिवार को बच्चों की संख्या विद्यालय पर अधिक देखी जाती है । एडीएम सीतामढ़ी संदीप कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आपने अपने जीवन में जो लक्ष्य निर्धारित किया है उसके लिए आपको योजना बनाकर दिन-रात मेहनत करनी पड़ेगी। उस लक्ष्य के संबंध में पूरी जानकारी प्राप्त करना भी बहुत जरूरी होता है ।और इस जानकारी को प्राप्त करने में आपका स्मार्टफोन आपकी मदद करेगा ।
भटौलिया के बाद एडीएम संदीप कुमार उत्क्रमित मध्य विद्यालय भीखनपुरा उर्दू के बच्चों से भी दर्पण कार्यक्रम को लेकर बातचीत की । बच्चों ने बताया कि हम सभी चाहते हैं कि मूल्यांकन में प्रथम आए ।लेकिन कभी-कभी दूसरा बच्चा भी आगे निकल जाता है । मौके पर उपस्थित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुशील कुमार ने एडीएम संदीप कुमार को अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। वही बच्चों ने वेलकम ताली बजाकर एडीएम संदीप कुमार का स्वागत किया ।कम संसाधन में अच्छा प्रदर्शन कर रहे दोनों विद्यालयों की सराहना करते हुए एडीएम संदीप कुमार ने कहा कि जब मैं महुआ में कार्यरत था तब भी और आज भी मुझे गोरौल से काफी लगाव है । यहां के शिक्षक समर्पण भाव से अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं ।
मौके पर प्रधानाध्यापक परवेज आलम , शिक्षक कौसर परवेज खान, संतोष कुमार, धर्मेंद्र कुमार ,पप्पू कुमार, मोहम्मद नोमान राजा सहित अन्य उपस्थित थे ।मालूम हो कि जब संदीप कुमार महुआ अनुमंडल के एसडीएम थे उसी समय से दर्पण कार्यक्रम के तहत अनुमंडल के सरकारी विद्यालयों के बच्चों का साप्ताहिक मूल्यांकन लिया जा रहा है। इसके लिए महुआ अनुमंडल के सभी प्रखंडों से एक-एक शिक्षक को इस कार्यक्रम का नोडल भी बनाया गया था।
गोरौल प्रखंड के नोडल शिक्षक व अनुमंडल के सभी प्रखंडों से समन्वय बनाने वाले पूर्व बी आर पी एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोदीपुर के शिक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दर्पण कार्यक्रम केवल बच्चों के मूल्यांकन से ही संबंधित नहीं है ।बल्कि यह हम शिक्षको के लिए भी दर्पण का काम करता है।इससे हम शिक्षको को यह पता चलते रहता है कि इस सप्ताह हमे किस विषय में कितना पढ़ाना था और हम कितना पढ़ा पाए ।
मूल्यांकन से शैक्षिक रूप से कमजोड़ बच्चो की जानकारी बड़ी आसानी से मिल जाती है ।फिर वैसे बच्चों को हमलोग मिशन दक्ष में शामिल कर लेते है।दर्पण कार्यक्रम शैक्षिक गतिविधियों को निरंतरता प्रदान करती है।