डिजिटल सुरक्षा की पाठशाला: साइबर ठगी के खिलाफ महिलाओं को किया गया सशक्त।

लालगंज (वैशाली) सत्यम ग्राम न्यूज़ नेटवर्क।

लालगंज आकांक्षी प्रखंड में साइबर ठगी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। साइबर क्राइम सेल, वैशाली द्वारा माइक्रोसेव कंसल्टिंग (नीति आयोग का विकास भागीदार) के सहयोग से जीविका की जीवन ज्योति CLF से जुड़ी 100 से अधिक स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिला सदस्यों के लिए एक दिवसीय साइबर ठगी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जीवन ज्योति फेडरेशन परिसर, लालगंज में किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला समुदाय को डिजिटल सुरक्षा, वित्तीय सतर्कता और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे न सिर्फ स्वयं सुरक्षित रहें बल्कि अपने-अपने एसएचजी समूहों में भी इस जानकारी का प्रसार कर सकें।

इस अवसर पर साइबर क्राइम सेल, वैशाली के इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह, इंस्पेक्टर रघुनंदन राम एवं एसआई पंकज कुमार अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन DySP (साइबर क्राइम), वैशाली के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को फर्जी कॉल व मैसेज, फर्जी वेबसाइट, डिजिटल अरेस्ट, APK व स्क्रीन शेयरिंग ऐप, AEPS फ्रॉड, ऑनलाइन शॉपिंग ठगी एवं फिशिंग जैसे साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही उनसे बचाव के उपायों (Do’s & Don’ts) पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों ने महिलाओं को अपने बायोमैट्रिक डेटा को लॉक रखने, अनाधिकृत आधार केंद्रों से रुपए की निकासी न कराने तथा आधार कार्ड में सुधार केवल अधिकृत केंद्रों से ही कराने की सख्त सलाह दी।

यह जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं की डिजिटल साक्षरता, वित्तीय सुरक्षा और साइबर जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रभावी कदम साबित हुआ।

#CyberAwareness

#CyberCrime

#DigitalSafety

#WomenEmpowerment

#Lalganj

#VaishaliNews

#SHGWomen

#Jeevika

#CyberFraudAlert

#DigitalIndia

 

AKHILESH KUMAR
Author: AKHILESH KUMAR

Editor in Chief