महुआ बाजार में जाम बना ‘जनता का जंजाल’, मालवाहक वाहनों पर समय-सीमा तय करने की उठी जोरदार मांग

सत्यम ग्राम न्यूज़ महुआ(वैशाली): महुआ बाजार में लगातार लग रहे भीषण जाम से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के पदाधिकारियों ने अनुमंडल पदाधिकारी, महुआ से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की है।

संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि महुआ बाजार में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग ग्रामीण क्षेत्रों को पटना से जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, ऐसे में जाम की समस्या और भी गंभीर हो जाती है। कई बार एंबुलेंस और मरीजों को ले जाने वाले वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे मरीजों की जान पर खतरा उत्पन्न हो जाता है।

बताया गया कि इस संबंध में 05 दिसंबर 2023 सहित कई बार अनुमंडल कार्यालय को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी पहल नहीं की गई है। जाम की मुख्य वजह बाजार क्षेत्र में बड़े मालवाहक वाहनों का अनियंत्रित प्रवेश और यात्री वाहनों का अव्यवस्थित पार्किंग बताया गया है। इसके अलावा निर्धारित स्टैंड के बजाय सड़क पर ही सवारी चढ़ाने-उतारने से स्थिति और बिगड़ जाती है।

स्थिति इतनी गंभीर है कि कई बार स्कूल बसें भी घंटों जाम में फंसी रहती हैं, जिससे छोटे बच्चों को भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत कुमार यादव ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूर्व सूचना प्रशासन को दी जाएगी।

इस मौके पर युवा प्रदेश अध्यक्ष कृणाल कुमार जायसवाल, जिला अध्यक्ष फिरदौस बेगम, जिला महामंत्री सुरेंद्र कुमार यादव, प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन कुमार राय, मोहम्मद शादिक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

#महुआ_जाम #वैशाली_समाचार #ट्रैफिक_समस्या #बिहार_न्यूज #मानवाधिकार_संगठन #प्रशासन_से_मांग #रोड_जाम #महुआ_बाजार #AmbulanceIssue #TrafficJam

ये भी पढ़े…

वैशाली पुलिस का एक्शन मोड — विभिन्न थाना क्षेत्रों से कई अभियुक्त गिरफ्तार, भेजे गए जेल।

https://satyamgramnews.in/वैशाली-पुलिस-का-एक्शन-मोड/04/2026/17/18/04/42/satyamgramnewsnetwork/

AKHILESH KUMAR
Author: AKHILESH KUMAR

Editor in Chief