मूसलाधार बारिश से किसानों के चेहरे खिले, धान की बुवाई में जुटे।

सत्यम ग्राम न्यूज़, राजापाकर (वैशाली) | संवाददाता – आकाशचंद्र वर्मा। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को हुई चार घंटे की लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। दोपहर करीब 1 बजे अचानक आसमान पर काले बादल छा गए और चारों ओर अंधेरा पसर गया। इसके बाद शुरू हुई झमाझम बारिश शाम 4 बजे तक लगातार होती रही, जिससे खेत, खलिहान, चौक-चौराहे सब जलमग्न हो गए।

यह इस वर्ष की पहली मूसलाधार बारिश थी, जिसने पिछले सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। बारिश से जहां आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं किसानों के चेहरे पर राहत और खुशी की लहर दौड़ गई। लंबे समय से बारिश की प्रतीक्षा कर रहे किसान अब अपने खेतों में धान की बुवाई में जुट गए हैं।

किसानों ने बताया कि धान के बीज तैयार थे लेकिन पर्याप्त पानी के अभाव में बुवाई रुकी हुई थी। अब बारिश के चलते खेतों में पर्याप्त जलजमाव हो गया है, जिससे न केवल बुवाई आसान हो गई है, बल्कि सिंचाई के लिए पटवन की तत्काल जरूरत भी नहीं पड़ेगी। इससे किसानों को मजदूरी और सिंचाई में होने वाला खर्च बच गया है।

गांवों में पगडंडी और संपर्क मार्गों पर पानी भर जाने से लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। वहीं, बारिश के दौरान तेज गरज के साथ बादल की गड़गड़ाहट ने लोगों को डरा दिया। कई लोग वज्रपात की आशंका से घरों में दुबके रहे।

किसान सीताराम सिंह, शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, रामजन्म सिंह, वैद्यनाथ सिंह, राजेंद्र दास, ओंकारनाथ गुप्ता आदि ने बताया कि इस बारिश ने उनकी बुवाई की राह आसान कर दी है और अब धान की खेती सुचारू रूप से हो सकेगी।

#कृषि #धानबुवाई #मूसलाधार_बारिश #राजापाकर #सत्यम_ग्राम_न्यूज

 

 

AKASH CHANDRA VERMA
Author: AKASH CHANDRA VERMA

ब्यूरो चीफ, वैशाली